Sunday, 5 July 2020
ख़ून पसीना
*एक गरीब दोस्त भी फटका चप्पल में पेपर बेचकर तुमको पढ़ाया - लिखाया डाक्टर बनाया । यहां तक कि तुमको - आप आप बोलकर इज्ज़त देता रहा और तुम उसका बोटी - बोटी नोच नोच के खाया । सूख - सूख के चूसा हुआ केतारी जैसन हो गया उ । सब रस पी गिया तुम । उ रोज रोता है छिप - छिप के । उसका क्या ? घर का गरीब तुमको नै दिख रहा है ? उ अभी भी अपना बचा खुचा ख़ून बहाने का तैयार है तुमरे लिया । किडनी , लीवर , आंख शरीर का सब्बे चीज से दोस्ती निभाया उ । खाली पैर बिना चप्पल के तुम रा खातिर सब सावन में बाबा धाम गया । इतना कबूलती किया कि आज तक पूरा नै कर पाया । भगवान सब भी गुस्सैल है । तुमको नै पता कितना ख़ून पसीना से तुमको पाला पोसा और पढ़ाया औरो तुम साला अभी भी विद्यार्थी जीवन का चद्दर ओढ़ कर टाटा गोल्ड का चायपत्ती और फूल क्रीम वाला दूध वाला चाय और आमलेट चबाता रहा । आज तक उ लड़का टाटा गोल्ड वाला चाय पीना तो दूर सूंघा तक नहीं है । नंगा पैर पेपर लेकर दौड़ दौड़ के जो कमाया तुमको भेजा और तुम नायकी का जुत्ता पहिन के घूमा है । उसका खून पसीना वाला पैसा तुम लौंडियाबाजी में भी लुटाया । हमको बोलने दो आज । बहूते लिहाज़ किए हम अब उ लड़का का दरद नै देखा जा रहा । तुमको उ कुछ नै कहेगा । तुमरे लिए देशी घी का ठेकुआ नीमकी बनाते बनाते अपना हड्डी गला दिया । अपने धी नै खाया कभी तुमको खिलाया । छाती फटता है हमारा । उ तुमको कभी नै बोलेगा , कभी नै ।*
बाल - विद्यापीठ
बाल - विद्यापीठ
सफेद इस्तरी की हुई धोती, हल्के हरे रंग का खादी का कुर्ता और ऊपर से काले रंग का हाफ नेहरू जैकेट और लंबी और तीखी नाक पर मोटे फ्रेम वाला चश्मा पहने गौर वर्ण का दुबले-पतले आकर्षक व्यक्तित्व के स्वामी जिनकी आवाज में इतनी टनक होती कि पूरे स्कूल को सुनाई पड़ जाती । उस शानदार व्यक्तित्व का नाम था - सच्चिदानंद दास, बाल विद्यापीठ का प्रधानाध्यापक । विद्यालय ही उनका घर था । पांचवी कक्षा का लकड़ी से घिरा कमरा और एक कुर्सी - टेबल और कुछ किताबों - स्टेशनरी के बोझ से दम तोड़ती लाचार अलमारी, बस यही थी उसकी जीवन भर की कमाई और जमापूंजी । चने के सत्तू का एक डब्बा और हॉर्लिक्स की बोतल यही था उनका किचन का सामान । स्कूल का चापाकल और शौच - घर ही उनके लिए पर्याप्त था । एक रस्सी पर सूखती सफेद रंग की धोती की दिव्य सफेदी मानस पटल पर आज भी तरोताजा है । प्रधानाध्यापक के साथ साथ वे पांचवी कक्षा के प्राचार्य भी थे । पतले बांस की करची से न जाने कितने लोगों का भविष्य रच डाला था उस असाधारण व्यक्ति ने ।
उस जमाने में भी उस विद्यालय में लड़के लड़कियों में विभेद नहीं था । सब साथ - साथ पढ़ते थे । कक्षा 1- बी के टीचर थे श्रीवास्तव सर, 1- ए के महेंद्र सर 1 के राजेंद्र सर , दो के राय सर , 3 के शर्मा सर , 4 के कमलू सर और पांच के स्वयं सच्चिदानंद सर ।
श्रीवास्तव सर सूखे पेट की भी चमड़ी पकड़कर सजा देने में माहिर थे, तो राजेंद्र सर के पहाड़े की क्लास में शायद ही कोई उनकी बेंत की मार से बचा हो । राय सर का नाम ही खौफ के लिए काफी था और वो सेकेंड सर के नाम से हमारे बीच मशहूर थे । शर्मा सर कानों के नीचे बाल खींच कर सीधा कर देते और कमलू सर पूरे सर के बाल खींचकर शरीर तक को उठा लेने का सामर्थ रखते थे । सच्चिदानंद सर तो प्रिंसिपल ही थे । टी. सी. के नीचे बाद भी बेमानी थी ।
पठन- पाठन से ज्यादा महत्व बिगडों को सुधारने पर था, जिसका भरपूर ज्ञान शिक्षकों को था । उन दिनों स्कूल में पिटने का मतलब घर पर भी धुलाई थी, आज की तरह हमें उतनी तवज्जो नहीं दी जाती थी । स्कूल ना जाने का कोई बहाना काम नहीं करता था। शिक्षक स्वयं घर आकर हमें उठा ले जाते थे । उन दिनों घड़ियां भी घरों में कम होती थी । जूट मील का साढ़े नौ बजे के सायरन से डरावनी आवाज आजतक नहीं सुनी । पहली सायरन बजते ही खौफ का मंजर होता शुरू होता । घसीटकर स्कूल भेजने की तैयारी की जाती । चारों तरफ रुदन और हाहाकार फैला होता। पौने दस बजे के सायरन पर रुदन का जोर और भी परवान चढ जाता और दस बजे के सायरन के साथ हमें किसी तरह घसीटकर स्कूल पहुंचा ही दिया जाता, जहां पहुंचकर सब कुछ सामान्य हो जाने की नियति से हम भय वश समझौता करने को विवश थे।
आज भी वो जूट मील की सायरन और स्कूल की घंटियों की टनटनाहट कानों में गूंजती रहती है । स्कूल में टिफिन ले जाने की परंपरा नहीं थी । टिफिन के समय भी ठीक डेढ़ बजे जूट मील का सायरन बजता और इधर ही स्कूल की घंटी । दो बजे फिर घर से खाना खाकर आने की असहनीय पीड़ा किसे याद नहीं होगी । चार बजे छुट्टी होती थी । छुट्टी की घंटी का संगीत का आनंद मोक्ष के आनंद पर भी भारी था । 26 जनवरी और 15 अगस्त को केवल चॉकलेट बंटने की नाखुशी आज भी बरकरार है। जलेबियां न बटने का कष्ट काफी दुष्कर था । शानदार पढ़ाई के पीछे शानदार दंड- विधान का महत्वपूर्ण योगदान था । हर एक शिक्षक के दंड - विधान का अपना एक अलग ही तरीका था । मुर्गी बनाना, मुर्गा बनाना ,कान पकड़ कर बेंच पर खड़ा होना और हंसना भी नहीं, पीठ पर ईंट रखना, धूप में खड़ा करना ,क्लास में झाड़ू लगाने और उंगलियों के बीच पेंसिल डालकर उंगलियों को दबाकर पेंसिल को धीरे - धीरे घुमाकर सजा जैसा दंड सामान्य था ।
बारिश के मौसम में स्कूल की छतों से टपकता पानी, उन दिनों हमें एक खेल सा लगता था ।हमें शायद यह नहीं पता था कि यह महज टपकता पानी ही नहीं बल्कि कुछ और ही था । शायद कम अर्थों के बोझ के कष्ट का रुदन था वो । हमारी फीस काफ़ी काम थी और उसपर भी कम लोग ही समय पर फीस दे पाते थे ।जर्जर अर्थवयवस्था ने स्कूल की नीव के साथ - साथ छतों को भी यातना दे दे कर उसे तोड़ दिया था ।
वार्षिक परीक्षा के समापन के बाद परिणाम घोषित होने वाले दिन में मुख्य अतिथि हर बार एक ही होते थे । वो थे - डॉक्टर दौलतराम ढंड। प्रथम , द्वितीय और तृतीय स्थान लाने वाले छात्रों को एक कलम प्रदान की जाती थी ।
समय की मार और धन के अभाव में वह देवालय एक बार दो हिस्सों में बट गया और वह पुराना और अमूल्य विद्यालय खाली हो गया और खाली हो गई हमारी अंतरात्मा । यह बंटवारा हमारी अनगिनत सुनहरी यादों का था, उन अमूल्य भावनाओं का था जिनकी जड़ें उसके प्रांगण में आज भी जीवित है और प्रतीक्षारत भी ।आज भी अनायास ही कदम उस तरफ जाकर ठहर जाते हैं । नीले अक्षरों में स्कूल का धुंधला सा नाम आज भी अपनी गौरवपूर्ण दास्तां बयां कर रहा है। स्कूल की घंटी की जगह घिसावट का निशान आज भी ज्यों की त्यों है । स्कूल का वह प्रांगण आज कचरों से भरा है, जहां कल न जाने कितने सुंदर-सुंदर फूल खिले होते थे । स्कूल का वह चापाकल जो कभी न थकता था आज निस्तेज होकर सूखा पड़ा है । कानों में वो शोर अब भी गूंज रहा पर कोई वहां नहीं है । स्कूल के सामने चाट वालों का खोमचा, झालमुड़ी वाले का पिटारा और खट्टे - मीठे मौसमी फलों की टोकरियां अब नहीं सजती। चाट की खट्टी खुशबू और झालमुड़ी की तीखी महक अब भी जस की रस ताज़ी है जेहन में । कैलाश चाचा की चाय की दुकान भी अब बंद हो चुकी है , जहां न जाने कितने चाय और बिस्कुट हम खाते रहे। ब्रह्म मुहूर्त में सदा खुलने वाला वह दुकान अब सदा के लिए बंद था । हम आगे निकल आए और वह सब कुछ पीछे छूट गया । कुछ गुरुदेव अब नहीं रहे और जो है बिल्कुल भी ना बदले । रायसर , कमलू सर राजेंद्र सर और श्रीवास्तव सर से मुलाकात होती रहती है । इन गुरुओं ने हमें अपने रक्त से पोषित किया है, हमें जीवंत बनाए रखा है। इनका ऋण जन्म - जन्मांतर में नहीं चुकाया जा सकता । काश मैं इतना अमीर होता कि उस पुराने खंडहर हो चुके स्कूल को खरीद पाता और दोबारा उस सूख चुके उपवन को सींचकर जीवंत कर पाता। मेरी दृष्टि में इससे बड़ी गुरूदक्षिणा और कोई नहीं होती । गुरु - पूर्णिमा के पावन उपलक्ष्य पर उन सभी गुरुओं को मेरा सहृदय आत्मिक नमन है, जिन्होंने निस्वार्थ अपने रक्तो से हमें सींचकर हमें मजबूत शिक्षा और संस्कारों से अभिभूत किया है ।
(राजू दत्ता ✍️)
Tuesday, 30 June 2020
घिसी चप्पल
पूरी तरह घिसी हुई नेपाली चप्पल जिसके भीतर के परतों का रंग भी अंगुलियों की लगातार घर्षना से बाहर आने को शेष न बची हो । इस पूरी तरह घिसी चप्पल ने अपनी परत दर परत को उधेरकर मानो अपना वक्ष फाड़कर सबकुछ दिखा देने का निश्चय कर रखा था । कुछ शेष न बचा था अब छिपाने को । वक़्त के थपेड़ों ने उस चप्पल को जर्जर से जर्जरतम अवस्था में लाने में कोई कसर नहीं रख छोड़ी थी । कई तरफ़ से फैल चुकी उसकी फीतों का आकार चीख - चीख कर यह बता रहा था कि लगातार धूप और बारिश में फटे पांव और चप्पल को जोड़े रखने के प्रयास ने उसे लगातार बार - बार कितनी असहनीय पीड़ा दी थी । फीते के पस्त होते हौसले को कहीं - कहीं से आलपिन लगाकर बुलंद करने की कोशिश की गई थी । न जाने कितनी कीलों को अपने जेहन में छिपाए वह जर्जर चप्पल अब भी घिसी जा रही थी । चलते - चलते फीते के अगले सिरे का बार - बार खुल जाना मानो उसकी बार - बार उखड़ती सांसों का आभास दे रही होती । उस जर्जर चप्पल ने मानो न जाने कितना बोझ उठा रखा था । बोझ था उस जर्जर होते शरीर का जिसने उसको धारण कर रखा था । उस कंकलरूपी शरीर को देख यह कतई नहीं कहा जा सकता कि उसके लेशमात्र बोझ से चप्पल इतना घिस सकता है । नहीं , यह इसके बोझ से इतना नहीं घिस सकता । जरूर यह बोझ जर्जर होते उस शरीर की उस भारी और वजनी आत्मा का था जिसने सारे समाज की अवहेलना, दुत्कार , तिरस्कार और भी न जाने कितने अनगिनत निष्ठुर और भारी भावों जैसे अनंत बोझ को उठा रखा था । उसकी चप्पल निश्चय ही उसके शारीरिक बोझ से नहीं बल्कि उसकी आत्मा के उसी अनंत भार से घिस - घिस कर अपनी एक - एक परतों में उस असीम संघर्ष और संतापों को तह करके संजोए हुए था । वह चप्पल अपने आप में समस्त समाज का बोझ लिए पूरे समाज को प्रतिबिंबित कर रहा था ।
(राजू दत्ता ✍️)
Monday, 29 June 2020
अमर बाबू
*अमर बाबू की मुहब्बत तो देखो , अपना नाम में भी रंजन लगा रखा है - विवेक रंजन का आधा नाम ले लिया है । बहुत छुप छुप के देशी घी का ठेकुआ छांका है अमर बाबू ने विवेक बाबू के लिए । बहुत गहरा रिश्ता है । जबसे विवेक बाबू का बिहा हुआ , अमर बाबू की जिंदगी में तूफ़ान आ गया । उस दिन दिलजले का दिल जला था धुआं धुआं होकर और राख अब भी रह रह के धधक उठता है । अब रंजन नाम काटने को दौड़ता है । मगर ठेकुआ अब भी देशी घी का बार बार छनता है और और बार बार दिल तार तार होता है । महुआ के मौसम में दरद का परवान माथा में चढ़ कर नाचता है और अमर बाबू का अमर प्रेम धुआं धुआं होकर बहुत दूर आसमान में उड़ता चला जाता है , उड़ता चला जाता है और उधर विवेक बाबू देशी घी का ठेकुआ - नीमकी फूल क्रीम वाला दूध के चाय में आमलेट के साथ कम्बल ओढ़ के मजा से खाता रहता है । विवेक बाबू बेवफ़ा निकला ।*
(उपन्यास का एक अंश)
Saturday, 27 June 2020
मन की बात
'मन का बात' बोला जाता सुना नहीं । आम जनता का मन का बात त उसका कनिया भी नहीं सुनता तो फिनु ख़ास आदमी कहे सुने । आम जनता खाली आम बेचता है और खास जनता बात बेचकर आम जनता से आम कीनता है और खाली आम का सेक पीता है और फिर गुठली फेक देता है और फिर आम जनता वही गुठली से या तो पॉपी बनाकर बजाता है या फिनू से आम का गाछ उगाता है और फीनू से आम बेचता है । यही चक्कर चलता रहता है । ✍️
शेष
अपने ही तानों बानों में हम उलझ बैठे
बना पेंच जीवन को हम खुद उलझ बैठे
जानकर सत्य सभी फिर भी सब लुटा बैठे
गिनती की सांसों को यूं ही गवां बैठे
अपने ही तानों बानों में हम उलझ बैठे ।
छोड़ रौशनी सूरज की अंधेरे में सिमट बैठे
बहती हवाओं को यूं ही शोर समझ बैठे
दौड़ दिवा - सपनों की सत्य समझ बैठे
छलावे को ही सत्य समझ बैठे
अपने ही तानों बानों में हम उलझ बैठे ।
टिप - टिप गिरती बूंदों को व्यर्थ शोर समझ बैठे
सिक्कों की खन - खन को संगीत समझ बैठे
सीधे - सादे जीवन को बेकार समझ बैठे
अपने ही तानों बानों में हम उलझ बैठे ।
समय शेष है , बाकी है सांसे
खुले आसमां के नीचे
बिना मूल्य के, बिना उलझन के
सत्य सदा ही भरा रहा , संगीत सदा ही गूंज रहा
कर लो निर्मुल्य आलिंगन इसका
कुछ ही जीवन शेष रहा ।
Wednesday, 24 June 2020
संताप
बहुत रौशनी है आज इस मुकम्मल जहां में
मगर न जाने वो निगाहें कहां चली गईं
ढूंढ लेती थी हर वो तलाश मन की
मगर जाने वो लोग कहां चले गए ।
चकाचौंध है आंखें इस गहरी रात में भी
मगर न जाने वो टिमटिमाती डिबिया कहां चली गई
देती थी जरूरत भर रौशनी आंखों को
मगर जाने वो शीतल रौशनी कहां चली गई ।
बहुत उजाले हैं आज गहरी रातों में भी
मगर जाने वो रौशनी कहां चली गई
बनते थे काजल उन कलिखों से भी
मगर जाने वो आंखों का नूर कहां चला गया ।
आज सफेद रौशनी की चादर है, न ताप है न धुआं
अब हवा के झोंको से संघर्ष नहीं, बस मन का ताप है
टिमटिमाना , बुझते हुए फिर जलना अब नियति नहीं
अब केवल संताप है , जाने वो ताप कहां चला गया ।
Subscribe to:
Posts (Atom)